October 10, 2026 5:50 am

चार-पांच दिन बाद खाई में मिले दंपती के शव, बाइक भी बरामद

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र स्थित मारकुंडी घाटी में रविवार सुबह गहरी खाई से एक दंपती के सड़े-गले शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शवों के पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में एक महिला और एक पुरुष का शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव कई दिन पुराने होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुके थे। पुलिस के अनुसार शवों की स्थिति से अनुमान है कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। सूचना पर गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद चोपन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा पास में मिली मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान 26 वर्षीय राहुल यादव पुत्र बबुंदर यादव तथा उनकी 24 वर्षीय पत्नी चंदा यादव उर्फ इंद्रावती यादव निवासी बिच्छी, कोतवाली रॉबर्ट्सगंज के रूप में की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर घाटी की खाई में गिर गई, जिससे दंपती की मौत हो गई। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!