सोनभद्र (डाला) डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के बाड़ी गांव में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बाड़ी निवासी मनोज चौबे पुत्र जगदीश चौबे के घर के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखे कीमती जेवरात और चांदी के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डाला पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। चोरी के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में एक हार सेट, चार कंगन, चेन, मांगटीका, करधनी, पैजनिया, बिछिया, पायल तथा चांदी की थाली, पानदान, सुपाड़ी और नारियल सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









