सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) स्थानीय पुलिस ने म्योरपुर से लापता महिला की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी ने अपने जिगरी दोस्त के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद कर लिया है। पहाड़ी पर महिला का केवल कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त सुरेश ने जो खुलासा किया वह चौंकाने वाला है। सुरेश ने बताया कि मृतका पार्वती देवी का अभियुक्त लाले पनिका पुत्र स्वर्गीय बाल गोविंद के साथ प्रेम प्रसंग था। पार्वती लगातार लाले पनिका पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी न करने पर उसने थाने जाकर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी।इस धमकी से डरा लाले पनिका अपने जिगरी दोस्त सुरेश के पास पहुंचा और मदद मांगी। इसके बाद दोनों दोस्तों ने मिलकर पार्वती को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।योजना के मुताबिक बीती 10 मई को सुबह करीब 8 बजे जब पार्वती देवी म्योरपुर बाजार जाने के लिए निकलीं तो लाले पनिका और सुरेश उन्हें बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। पार्वती की सास ने उन्हें जाते हुए देखा था। इसके बाद दोनों आरोपी पार्वती को धरतीडाड़ स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के पास ले गए और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को वहीं झाड़ियों में छिपाकर मुख्य आरोपी लाले पनिका बाहर भाग गया। पार्वती के घर न लौटने पर परिजनों ने 29 मई को म्योरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके अगले ही दिन 30 मई को ग्रामीणों को पहाड़ी पर एक नरकंकाल पड़ा होने की सूचना मिली। वादी विनोद कुमार और उनकी सास ने मौके पर पहुंचकर कंकाल के पास पड़ी साड़ी और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में की। कंकाल मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का बीएचयू वाराणसी से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद 20 जून को मृतका के पति विनोद कुमार की तहरीर पर थाना बीजपुर में हत्या और साक्ष्य छिपाने जैसे गम्भीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की टीम ने जाल बिछाया। रविवार की सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जरहा मंदिर मोड़ के पास से नामजद अभियुक्त सुरेश निवासी ग्राम सिसवा झापर थाना बभनी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को सुसंगत धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया है वहीं फरार मुख्य आरोपी लाले पनिका की तलाश जारी है।
Author: Pramod Gupta
Hello









