October 10, 2026 5:15 am

गैलन में डीजल की मांग को लेकर किसानों ने लगाया जाम, सरकार पर साधा निशाना

– किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी, रामगढ़-राबर्ट्सगंज मार्ग पर घंटों प्रभावित रहा यातायात

सोनभद्र। गैलन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश रविवार को सड़क पर दिखाई दिया। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने रामगढ़-राबर्ट्सगंज स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की। रामगढ़ पेट्रोल पंप के समीप सुबह से ही किसानों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए, जिससे रामगढ़-राबर्ट्सगंज मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर ट्रैक्टर, बाइक एवं अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल पर निर्भर हैं, लेकिन उन्हें गैलन एवं जर्किन में डीजल नहीं दिया जा रहा है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों के हित में नहीं हैं। यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेती के लिए खेतों तक डीजल पहुंचना आवश्यक है, अन्यथा कृषि कार्य बाधित होंगे और उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। विजयगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने भी एकजुट होकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। किसानों का कहना था कि खेती के मौसम में डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। संदीप मिश्रा ने कहा, “किसानों को उनके गैलन में डीजल नहीं दिया जा रहा है। यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो यह आंदोलन पूरे जिले में फैलाया जाएगा।” प्रदर्शन में विजेंद्र पटेल, राजू मौर्य, दिनेश पटेल, धीरज कनौजिया, राकेश पांडेय, प्रमोद धागर, जितेंद्र लकड़ा, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, संजय बियार, मगरू मौर्य, विजय, विक्की पटेल, सुजीत, शुभम सिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!