October 10, 2026 5:50 am

सलखन फॉसिल्स पार्क में भव्य आयोजन के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

–  योग स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक उन्नति का सशक्त माध्यम : राज्य मंत्री
– जनपद की तहसीलों, विकास खंडों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

सोनभद्र। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क में आयोजित हुआ, जहां समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसकी महत्ता को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त तथा सामाजिक रूप से अधिक सक्रिय बनाता है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। जनपद के नोडल अधिकारी एवं आयुक्त विंध्याचल मंडल, मीरजापुर राजेश प्रकाश ने सिंचाई विभाग के डाक बंगला, पिपरी में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। वर्तमान समय में यह स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आवश्यकता बन चुका है। योग न केवल रोगों से बचाव का माध्यम है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, कार्यक्षमता वृद्धि और मानसिक शांति का भी आधार है। उन्होंने योग को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने पर बल दिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में हजारों लोगों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सलखन फॉसिल्स पार्क के ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। करोड़ों वर्ष पुराने जीवाश्मों की यह धरोहर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान रखती है तथा यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है। ऐसे गौरवशाली स्थल पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को एक साथ प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!