सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडिह ग्राम पंचायत अंतर्गत रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोन मोड़ चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुद्धी की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने कोन मोड़ चौराहे से सलैयाडिह ग्राम पंचायत के अंबेडकर चौराहा के पास अपने घर जा रहे दिव्यांग दशरथ राम, उम्र लगभग 40 वर्ष, को जोरदार टक्कर मार दी। तीन पहिया गाड़ी से जा रहे दशरथ राम दोनों पैरों से दिव्यांग थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी अंशु देवी, जो दोनों आंखों से दिव्यांग हैं, अपनी दो बेटियों प्रियांशी कुमारी, उम्र लगभग 10 वर्ष, और नंदनी कुमारी, उम्र लगभग 8 वर्ष, के साथ सास व पड़ोसियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और विलाप करने लगीं।









