सोनभद्र। उरमौरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (छपका) के सामने नवनिर्मित ‘भूतपूर्व अर्धसैनिक कैंटीन’ का भव्य उद्घाटन गुरुवार शाम को संपन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामसकल ने फीता काटकर कैंटीन का शुभारंभ किया। पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा तथा दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इसे जनपद के लिए उपयोगी पहल बताया।अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले भूतपूर्व सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों के सम्मान और सुविधा के लिए कैंटीन की स्थापना सराहनीय कदम है। इससे पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दरों पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। उन्होंने आयोजक मंडल को बधाई दी और संस्थान के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं संभ्रांत नागरिकों का माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। रॉबर्ट्सगंज नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। समापन पर आयोजक ज्योति जंग सिंह, कीर्ति जंग सिंह और अजीत सिंह ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग व आशीर्वाद से यह संस्था देश के वीर जवानों एवं पूर्व सैनिकों के हित में निरंतर कार्य करती रहेगी।









