सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र तथा उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत गुरुवार को व्यापक कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दुद्धी श्री रविनंदन ने आबकारी स्टाफ एवं स्थानीय पुलिस के साथ थाना विंढमगंज क्षेत्र के महुली, विश्वकर्मा मोहल्ला, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के संदिग्ध घरों, स्थलों और झुग्गी-झोपड़ियों में सघन दबिश एवं छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 25 लीटर कच्ची शराब तथा करीब 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। टीम ने मौके पर संचालित एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त करते हुए बरामद लहन को नष्ट कराया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान रोड चेकिंग भी की गई तथा चखना की दुकानों पर जांच-पड़ताल की गई। इसके साथ ही ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









