सोनभद्र। (बैनी) विकास खंड नगवां के बैनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि यहां ओपीडी में मरीजों का इलाज उन डॉक्टरों के भरोसे चल रहा है, जिनकी मूल जिम्मेदारी सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करना है। इससे क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार जिन हेल्थ केयर डॉक्टरों को स्कूलों में भ्रमण कर स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करना चाहिए, वही डॉक्टर नियमित रूप से सीएचसी नगवां में ओपीडी संचालित कर मरीजों को देख रहे हैं। इतना ही नहीं, मरीजों को बाहर की महंगी दवाएं और जांच भी लिखी जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बताया जाता है कि नगवां ब्लॉक सोनभद्र का अति पिछड़ा क्षेत्र है, जहां दलित एवं आदिवासी आबादी अधिक संख्या में निवास करती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही के चलते यहां के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गौरतलब है कि सीएचसी प्रभारी के अतिरिक्त तीन अन्य डॉक्टरों की भी नियुक्ति की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इनमें से कोई भी डॉक्टर नियमित रूप से अस्पताल नहीं आता। आरोप है कि कुछ डॉक्टर महीने में केवल एक-दो बार आकर औपचारिकता पूरी कर चले जाते हैं। यहां तक कि एक डॉक्टर के वाराणसी में निजी क्लीनिक संचालित करने की भी चर्चा है। डॉक्टरों की अनुपस्थिति में हेल्थ केयर के डॉक्टर ही ओपीडी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि अस्पताल में बाहर की दवा और जांच लिखे जाने से गरीब मरीज दवा खरीदने और जांच कराने में असमर्थ रहते हैं और बिना इलाज कराए वापस लौट जाते हैं। इस संबंध में एसीएमओ सोनभद्र से दूरभाष पर वार्ता किए जाने पर उन्होंने बताया कि संबंधित डॉक्टरों के पास क्षेत्र भ्रमण के लिए वाहन उपलब्ध नहीं है। जल्द ही वाहन की व्यवस्था कर दी जाएगी, जिसके बाद वे क्षेत्र में जाकर कार्य करेंगे। क्षेत्रीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है।
Author: Pramod Gupta
Hello









