October 10, 2026 6:05 am

दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर लगे जागरूकता साइन बोर्ड “गोल्डन ऑवर में सहायता बचा सकती है अमूल्य जान”

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्घटना बाहुल्य स्थलों एवं जनपद के समस्त 21 थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं, ताकि आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा, जिसे “गोल्डन ऑवर” कहा जाता है, अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की PM RAHAT योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने के बाद अधिकतम सात दिनों तक ₹1.50 लाख तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण उपचार में कोई देरी न हो। इसके साथ ही राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को बिना किसी भय या संकोच के तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में सहयोग करता है, तो शासन द्वारा उसे ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यह योजना समाज में मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के प्रमुख दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी 21 थानों को भी ऐसे जागरूकता बोर्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें सार्वजनिक स्थलों पर लगाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और जरूरत पड़ने पर उनका लाभ उठा सकें। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आएं। आपकी एक छोटी-सी पहल किसी की अमूल्य जान बचा सकती है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!