सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में जून माह के प्रथम शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दुद्धी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ने एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की शिकायत जिलाधिकारी से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार की शिकायत जांच में सही पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने डॉ. पल्लवी सिन्हा, महिला चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर को सप्ताह में दो दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। दुद्धी तहसील में उप जिलाधिकारी की मौजूदगी में कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। राबर्ट्सगंज तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें चार मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। ओबरा तहसील में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 108 शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर नौ तथा टीम भेजकर तीन मामलों का निस्तारण किया गया। कुल 12 मामलों का समाधान करते हुए शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी भी मौजूद रहे।घोरावल तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। चारों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 330 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 23 मामलों का मौके पर अथवा टीम भेजकर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
Author: Pramod Gupta
Hello









