सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र के दीवा गांव के पास बेलन नदी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में मगरमच्छ के हमले से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दीवा गांव निवासी आदर्श उम्र 12 वर्ष पुत्र बेचन अपने साथियों के साथ बेलन नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए बालक को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बालक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, तालाब और जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा मगरमच्छ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
Author: Pramod Gupta
Hello









