सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुंआ गांव में महज 400 रुपये के लेन-देन को लेकर गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धारदार हथियार से हुए हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के लिए 500 रुपये में बैंड-बाजा बुक किया गया था। बुकिंग के समय 100 रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि 400 रुपये का भुगतान बाकी था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों पक्ष गांव पहुंचे, जहां बकाया रकम को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान बैंड-बाजा पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मिश्रीलाल उम्र 40 वर्ष, किशुनदेव उम्र 35 वर्ष, ब्रह्मदेव उम्र 32 वर्ष पुत्रगण मोहन निवासी सुपाचुंआ तथा उनके बहनोई श्रवण कुमार उम्र 40 वर्ष निवासी सरडीहा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के ईश्वर उम्र 45 वर्ष पुत्र रामाधीन निवासी सुपाचुंआ को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार घायलों के सिर, पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। तीन भाइयों और उनके बहनोई की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बकाया 400 रुपये को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के बीच मामूली रकम को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









