October 10, 2026 4:37 am

बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण 6 महीने से खराब हैंडपंप को लेकर प्रधान और जनता आमने-सामने

सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) ग्राम पंचायत अंजानी की धरिकार बस्ती में पिछले छह महीनों से पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है।बस्ती का मुख्य हैंडपंप महीनों से खराब पड़ा है जिसके कारण स्थानीय निवासियों के सामने पीने के पानी का विकराल संकट खड़ा हो गया है।प्रशासन के दावों के बीच लगभग 120 घरो की आबादी वाली यह बस्ती आज भी पानी के लिए तरस रही है।​बस्ती के निवासी रामवृक्ष,शिवकुमार,सुनिता देवी,बसंती,कलावती और रामनाथ समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में एकमात्र हैंडपंप खराब होने की वजह से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों और पीने के पानी के लिए अपने घरों से करीब आधा किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान को अवगत कराया और हैंडपंप मरम्मत की गुहार लगाई लेकिन प्रधान ने उनकी एक न सुनी।​​मामले पर चिंता जताते हुए स्थानीय समाजसेवी श्याम मोहन ने बताया कि गांव में पानी की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है।ग्राम प्रधान गांव के खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। स्थिति यह है कि धरिकार बस्ती ही नहीं,बल्कि गांव के कई हैंडपंप इस समय शोपीस बने हुए हैं।इस लापरवाही के खिलाफ ग्राम विकास अधिकारी को भी सूचित किया गया था लेकिन अब तक कोई असर नहीं हुआ।​एक तरफ जहां ग्रामीण पानी की किल्लत से त्रस्त हैं वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार इस पूरी समस्या से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।​जब इस संबंध में ग्राम प्रधान रामअवध से बात की गई तो उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। प्रधान रामअवध का दावा है की गांव में कहीं भी पानी की कोई किल्लत नहीं है।सभी हैंडपंप पूरी तरह से सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।​ग्राम प्रधान के इस दावे के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि अगर सब कुछ ठीक है तो धरिकार बस्ती के लोग आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर क्यों हैं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करा कर मांग की है कि मौके की जांच कर जल्द से जल्द हैंडपंप ठीक कराया जाए ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!