सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री राहत (पीएम-राहत) योजना जनपद में प्रभावी रूप से लागू की जा रही है। योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में घोरावल थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल 16 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र बेचू निवासी धनावल का उपचार पीएम-राहत योजना के तहत किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ग्राम प्रधान अरविंद निषाद ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी। घायल अनिल कुमार का हालचाल जानने के लिए यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी, पीएम-राहत योजना की नोडल अधिकारी डॉ. सुमन जायसवाल, विनोद कुमार, सचिव कृष्ण कुमार यादव एवं विनय कुमार यादव अस्पताल पहुंचे और उसके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री राहत योजना सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को तत्काल निकटतम सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाएं, ताकि गोल्डन आवर के दौरान उपचार का पूरा लाभ मिल सके। पीएम-राहत योजना की नोडल अधिकारी डॉ. सुमन जायसवाल ने बताया कि योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक स्थिरीकरण उपचार (स्टेबलाइजेशन ट्रीटमेंट) की सुविधा भी प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि जनपद के चिन्हित अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है तथा आपातकालीन सहायता के लिए ईआरएसएस-112 के माध्यम से एंबुलेंस एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं शहरी क्षेत्रों में होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं पर लागू है। योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद उपचार में होने वाली देरी को रोकना तथा आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित होने की समस्या का समाधान करना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









