सोनभद्र। थाना कोन पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के चर्चित मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये की इनामिया घोषित स्टाफ नर्स सहित दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन,अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह सफलता प्राप्त हुई।पुलिस के अनुसार कस्बा कोन स्थित अवैध रूप से संचालित “ग्लोबल हॉस्पिटल” में प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला सीमा देवी के ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में थाना कोन पर धारा 105, 318(4) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 34 एनएमसी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।घटना के बाद से फरार चल रही 10,000 रुपये की इनामिया घोषित अभियुक्ता 1.सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद निवासी देवाटन, थाना कोन, जनपद सोनभद्र तथा 2. जौरुन बीबी पत्नी करीमन निवासी सिसरी बनखेता, थाना खरौंधी, जिला गढ़वा, झारखण्ड को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी कस्बा कोन में अवैध अस्पताल में प्रसूता की मृत्यु के मामले में वांछित चल रही थीं।गिरफ्तार अभियुक्ताओं के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।गौरतलब है कि सीमा देवी की मृत्यु के पश्चात परिजनों द्वारा अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। घटना के उपरांत अस्पताल संचालक व अन्य स्टाफ के फरार हो जाने से प्रकरण काफी चर्चित रहा था। पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई मामले में महत्वपूर्ण सफलता है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा,उपनिरीक्षक शिव प्रकाश यादव, चौकी प्रभारी चकरिया,हेड कांस्टेबल शिव कुमार यादव,महिला कांस्टेबल स्वधा सिंह, महिला कांस्टेबल सौम्या तिवारी शामिल रही









