सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) विंढमगंज मुख्य बाजार में सोमवार को कृषि विभाग की टीम ने एक दुकान पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न अभिलेखों एवं लाइसेंसों की जांच की। जांच के दौरान बिना नाम-पट्ट (बोर्ड) और आवश्यक लाइसेंस के दुकान संचालित किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद अधिकारियों ने संबंधित उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए। कृषि विभाग के ईडीओ संदीप कुमार मौर्य (सोनभद्र) एवं एडीओ सर्वेश कुमार सैनी (दुद्धी) की संयुक्त टीम ने सत्येंद्र कुमार कुशवाहा की दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दुकान बिना किसी बोर्ड के संचालित की जा रही थी। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि वह लगभग पांच वर्षों से दुकान का संचालन कर रहा है। हालांकि बोर्ड न लगाए जाने के संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।निरीक्षण के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार की सामग्रियां बिक्री के लिए रखी मिलीं। अधिकारियों ने आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों की जांच की, जिसमें कुछ उत्पादों के लिए जरूरी लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाए गए। वहीं खाद्य पदार्थों की बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने संबंधित उत्पादों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कृषि विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों के साथ नियमों का पालन करते हुए अपना व्यवसाय संचालित करें।
Author: Pramod Gupta
Hello









