सोनभद्र। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा जनजागरूकता अभियान को और सशक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्राम सचिवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित की जाए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारम्भ में बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं की सेवाएं नियमानुसार लगभग दो माह तक प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापन कार्य हेतु ली जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनभागीदारी के साथ इसे सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने ऐसे स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए जहां पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित हो सके। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में सीड बॉल तकनीक से वृक्षारोपण कराने तथा छायादार एवं फलदार पौधों को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवतियों से विवाह कर भूमि हड़पने संबंधी शिकायतों की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने भरोसा दिलाया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। बैठक में विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









