सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र स्थित एलसी कॉलोनी में एक सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव बंद कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कई दिनों से कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर डाला पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार उम्र 40 वर्ष निवासी सिंगरौली के रूप में हुई है। वह जुलगुल माइंस में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और एलसी कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि एक चरवाहे ने कमरे से आ रही तेज दुर्गंध की सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मिथिलेश कुमार का शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार शव लगभग चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति देखकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारी कई दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन उसकी खोज-खबर लेने का प्रयास नहीं किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









