सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) थाना क्षेत्र विंढमगंज के ग्राम महुली में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात लगभग 10:45 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के किनारे स्थित महुली गांव में हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक शिवम कुमार गुप्ता उम्र 17 वर्ष पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी महुली है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हुंडई कार संख्या UP64AX8666 को एक नया चालक चला रहा था, जो वाहन चलाने का अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान चालक कथित रूप से ब्रेक की जगह एक्सलेटर दबा बैठा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद शिवम को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धि भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक मार्गों पर बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के वाहन चलाने पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









