October 10, 2026 5:23 am

ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुईं सोनभद्र की बेटी, महिला सिपाही विनीता का निधन

सोनभद्र। प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला सिपाही विनीता की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। महज 23 वर्ष की उम्र में उनकी असमय मौत से पुलिस विभाग एवं परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोनभद्र जनपद के घोरावल थाना क्षेत्र के तेंदुहार गांव निवासी विनीता वर्ष 2025 बैच की सिपाही थीं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उनकी पहली तैनाती प्रयागराज के थरवई थाने में हुई थी, जहां उन्होंने लगभग एक माह पूर्व ही कार्यभार ग्रहण किया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे विनीता स्कूटी से बाजार जा रही थीं। थाने के गेट से बाहर निकलते ही सहसों की ओर से आ रही ओवरलोड सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं तथा उनकी स्कूटी में आग लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग पर काबू पाया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के उपरांत पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव सोनभद्र लाया गया। विनीता चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थीं। उनके पिता श्याम बिहारी किसान हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली विनीता की असामयिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है। उनका छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश जारी है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!