सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर शहर में चिंता और नाराजगी का माहौल गहराता जा रहा है। जहां लोगों को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं बिना वैकल्पिक व्यवस्था के निर्माण कार्य शुरू किए जाने की आशंका ने आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने रेलवे फाटक स्थल का निरीक्षण कर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग केवल शहर ही नहीं बल्कि बिहार सीमा तक जुड़े हजारों गांवों की जीवनरेखा है। इसी मार्ग से प्रतिदिन छात्र, व्यापारी, कर्मचारी, मरीज और आम नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि बिना वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए रेलवे फाटक बंद कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले जनता की सुविधा सुनिश्चित करनी चाहिए, उसके बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ करना चाहिए। धर्मवीर तिवारी ने कहा कि जुलाई माह से स्कूल खुलने वाले हैं। ऐसे समय में यदि रेलवे फाटक बंद हुआ तो सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और अभिभावकों को उठानी पड़ेगी। इसके अलावा रात के समय मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। आपातकालीन सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत एडवाइजरी जारी की जाए, ताकि आम लोगों को यह जानकारी मिल सके कि फाटक कितने समय तक बंद रहेगा और कौन-कौन से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित रास्ता तत्काल तैयार कराया जाना चाहिए।धर्मवीर तिवारी ने बताया कि इस संबंध में उनकी जिलाधिकारी से बातचीत हुई है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो, इसके लिए पैदल और दोपहिया वाहनों हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक जमीनी स्तर पर व्यवस्था दिखाई नहीं देती, तब तक लोगों की चिंता कम नहीं होगी। इस दौरान रमेश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, सृजन श्रीवास्तव, राजकुमार सोनी, सचिव कुमार सोनी, भरत सोनी, दिनेश पांडेय, विष्णु सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, लवकुश सोनी, विकास केसरी, गणेश केशरी, विनोद केशरी, मुकुंद केशरी, शरद केशरी, रवि केशरी और बच्चा केसरी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन जनता की सुविधा और सुरक्षा को नजरअंदाज कर किसी भी योजना को लागू करना उचित नहीं होगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









