October 10, 2026 7:08 am

बकरीद पर अकीदत के साथ अदा हुई नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद

सोनभद्र। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व बृहस्पतिवार को पूरे अकीदत, पाकीजगी और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित ईदगाह में सुबह 7:30 बजे जामा मस्जिद के इमाम मौलाना तौफीक अहमद ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुर्बानी दीन की शान है और ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण तथा अल्लाह की राह में सबसे प्यारी चीज कुर्बान करने का संदेश देता है। उन्होंने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम और हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम के वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि अल्लाह ने हजरत इस्माइल की जगह एक दुंबे की कुर्बानी कबूल फरमाई थी, जिसकी याद में हर वर्ष ईद-ए-कुर्बा मनाई जाती है। ईदगाह में नमाज एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सदर मुस्ताक अहमद ने संभाली। व्यवस्था में प्यारे भाई, अजहर खान, हिदायत खां, सिराजुद्दीन खां और लल्लू भाई समेत कई लोग सहयोग में लगे रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं दीं। उनके साथ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बगीश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और भाईचारे का पर्व है तथा सभी लोग प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी नागरिक आपसी सद्भाव बनाए रखें। अधिकारियों ने ईदगाह परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगों से संवाद कर अमन-चैन और भाईचारे की परंपरा को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। पूरे जनपद में पर्व को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!