सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल के पास उस समय हुआ, जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई और इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर गिरे बाइक सवार को रौंद दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बभनी के भाठीमहुआ निवासी लंका राम प्रजापति उम्र 60 वर्ष पुत्र छोटक राम शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपनी बाइक से बभनी बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लंका राम असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार उन्हें रौंदते हुए निकल गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बभनी पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लंका राम को तुरंत बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और आसनडीह के पास कार को अपने कब्जे में ले लिया। बभनी थाना प्रभारी डीपी यादव ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









