सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में बीजपुर थाना की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित के साथ हुई ₹27,000 की ठगी की पूरी रकम उसके मूल खाते में वापस कराने में सफलता हासिल की है। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने बीजपुर पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार बीजपुर निवासी गोविंद प्रसाद गुप्ता पुत्र स्वर्गीय दूधनाथ के साथ बीते दिनों किसी अज्ञात जालसाज ने ₹27,000 की साइबर ठगी कर ली थी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने समझदारी दिखाई और तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष बीजपुर के नेतृत्व में साइबर टीम ने काम शुरू किया। टीम ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का बारीकी से अवलोकन किया।पोर्टल से जरूरी साक्ष्य और डेटा इकट्ठा करने के बाद संबंधित बैंक शाखा से ईमेल के जरिए संपर्क और पत्राचार किया गया। पुलिस के इस त्वरित प्रयास के चलते पीड़ित के ठगे गए पूरे ₹27,000 उसके बैंक खाते में सुरक्षित वापस आ गए।
Author: Pramod Gupta
Hello









