सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप मंगलवार 19 मई को प्रदेशभर के विद्यालयों में “स्वच्छता मेरा धर्म” अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा विद्यालयों में विद्यार्थियों के सफाई कार्य को अनुचित न मानने संबंधी बयान के बाद शिक्षक संगठनों ने प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान का आह्वान किया था। संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों ने मंडल, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से अपील की थी कि वे अपने-अपने विद्यालयों में छात्रों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाएं और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं। अभियान का उद्देश्य जनमानस में यह संदेश देना है कि विद्यालय शिक्षक एवं विद्यार्थियों का घर है और उसकी साफ-सफाई करना एक अच्छी आदत एवं संस्कार है, अपराध नहीं। इसी क्रम में विकास खण्ड नगवां के प्राथमिक विद्यालय धोबी में शिक्षक संजीव सिंह ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
Author: Pramod Gupta
Hello









