कानपुर नगर से पकड़े गए आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, आधार पैन कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद
सोनभद्र। पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कानपुर नगर से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना सोनभद्र की टीम ने यह सफलता हासिल की। मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र की युवती सुषमा गुप्ता से जुड़ा है, जिसे अज्ञात व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताकर फोन किया और गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, न्यूड फोटो वायरल करने तथा मोबाइल हैक कर पैसे की मांग की। इस पर म्योरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना साइबर क्राइम थाना को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कानपुर नगर में छापा मारकर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गरीब लोगों के नाम पर सिम कार्ड लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में करते थे। अश्लील वीडियो देखने के बहाने लोगों को फंसाकर एआई तकनीक से फर्जी न्यूड फोटोबनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों से देशभर में ठगी की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र कुमार उम्र 23 वर्ष रावतपुर कानपुर, गोलू राजपूत उम्र 24 वर्ष कल्याणपुर कानपुर नगर, मोहम्मद जुनैद उम्र 24 वर्ष विकनगंज कानपुर, अनुराग सिंह उम्र 26 वर्ष पनकी कानपुर नगर बरामद सामान 7 मोबाइल फोन, कई आधार कार्ड पैन कार्ड व बैंक दस्तावेज कार्रवाई करने वाली पुलिस निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना सोनभद्र एसओजी व थाना म्योरपुर की संयुक्त टीम शामिल रही।









