सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों और महिला अधिवक्ता पक्ष के बीच विवाद का मामला सामने आया है। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगने को लेकर पूछताछ करने पर कहासुनी बढ़ गई, जो मारपीट में बदल गई। इस घटना में महिला अधिवक्ता के तीन साथी/परिजन घायल हो गए, जिनमें एक महिला समेत दो लोगों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वकीलों में आक्रोश फैल गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव एवं महामंत्री योगेश दुबे मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पीड़ित महिला अधिवक्ता ने टोल प्लाजा कर्मियों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा एवं सदर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा मेडिकल कॉलेज जाकर स्थिति का जायजा लिया।









