सोनभद्र। डाला (अर्जुन सिंह) डाला बाजार में अधूरा विकास कार्य बना विवाद की वजह, रास्ता अवरुद्ध होने से वार्ड-2 के लोग परेशान नगर पंचायत डाला बाजार क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत राज्य वित्त आयोग मद से कराए गए विकास कार्यों की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड संख्या-2 में अशोक चौधरी के घर से नाले तक कवर्ड नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण नगर पंचायत अध्यक्षा फुलवन्ती द्वारा किया गया था, लेकिन लोकार्पण के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, नाली निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया है। लगभग 10 फीट चौड़े संकरे रास्ते में एक तरफ नगर पंचायत द्वारा पानी का नल लगा दिया गया है, जबकि दूसरी ओर नाली निर्माण का बोर्ड खड़ा कर दिया गया है। इससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और आम नागरिकों का आवागमन बाधित हो रहा है। इस मामले में वरिष्ठ सपा नेता अशोक चौधरी ने नगर पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी तरह नगर पंचायत की मनमानी और निरंकुश रवैया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर कार्य को अधूरा छोड़ा गया और बजट भी निरस्त कर दिया गया, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वार्ड संख्या-2 के सभासद अवनीश पांडे ने सफाई देते हुए कहा कि रास्ते को लेकर विवाद होने के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का लोकार्पण तो बड़े धूमधाम से कर दिया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें अधूरा छोड़ देना आम बात हो गई है। अब सवाल यह उठ रहा है कि इस अवरुद्ध रास्ते की जिम्मेदारी कौन लेगा और कब तक वार्ड-2 के लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello








