सोनभद्र। मतदाता सूची विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एन. सिंह ने आज उच्च प्राथमिक विद्यालय केकराही करमा स्थित बूथ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ पर जमा किए जा रहे फार्म-6 की स्थिति की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र (अनुलग्नक-4) अनिवार्य रूप से लिया जाए। उन्होंने बताया कि कुछ बूथों पर यह पाया गया है कि फार्म-6 के साथ अनुलग्नक-4 नहीं लिया जा रहा है, जो गंभीर लापरवाही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र, आवश्यक दस्तावेज, पूरा पता, फोटो तथा मोबाइल नंबर अवश्य संलग्न कराए जाएं। किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक भरे गए 7-8 आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता नामांकन से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों से फार्म-6 भरवाया जाए, उन्हें जागरूक किया जाए तथा सभी आवेदन समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से निस्तारित किए जाएं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 31 जनवरी 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जिन नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे इस विशेष अभियान के तहत फार्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराएं और इस महत्वपूर्ण अधिकार से वंचित न रहें।
Author: Pramod Gupta
Hello









