सोनभद्र। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही और शिथिलता को गंभीरता से लेते हुए हिंदुआरी चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।इसके साथ ही म्योरपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक कृष्णानंद सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एसपी द्वारा किए गए इस व्यापक फेरबदल के तहत कई थानों और चौकियों में तैनात उप निरीक्षकों व चौकी प्रभारियों के कार्य क्षेत्रों में बदलाव किया गया है। राबर्ट्सगंज में तैनात एसआई घनश्याम तिवारी को डाला चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पुलिस लाइन में रहे कमलेश पाल को डायल-112 सेवा का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। डायल-112 के पूर्व प्रभारी गोपाल जी गुप्ता को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल का जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) बनाया गया है। इसके अतिरिक्त डाला चौकी इंचार्ज रहे आशीष पटेल को सुअरसोत चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि सुअरसोत चौकी के प्रभारी रहे अनिल विश्वकर्मा को हिंदुआरी चौकी का नया इंचार्ज बनाया गया है।वहीं पुलिस लाइन में तैनात चंद्रशेखर सिंह को मॉनिटरिंग सेल एवं सम्मन सेल का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी ईमानदारी और तत्परता से कार्य करें। एसपी की इस कार्रवाई को जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









