सोनभद्र। संत नगर, रॉबर्ट्सगंज। 26 जनवरी को दी आर्यंस एकेडमी, संत नगर रॉबर्ट्सगंज में देश का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि रामराज द्वारा ध्वजारोहण से किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात भगवान गणेश, देवी सरस्वती, भारत माता और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की सफलता और विद्यालय परिवार की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष विमल जालान और प्रबंध निदेशक विनोद कुमार जालान ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह से सम्मान किया।कार्यक्रम में छात्रों ने विविध सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य, स्वच्छता अभियान, काली तांडव, महिला शिक्षा की प्रथम प्रणेता सावित्रीबाई फुले पर नाटक, महिला सशक्तिकरण, ‘जूठा खाना न छोड़े’ पर एकांकी, छत्रपति शिवाजी, विभिन्नता में एकता नृत्य और कॉमेडी नृत्य शामिल थे। सभी कार्यक्रम बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किए, जिससे विद्यालय परिसर में उमंग और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा जालान ने सभी आगंतुकों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता 1947 में मिली, लेकिन 26 जनवरी 1950 को संविधान मिलने के बाद ही हम पूर्ण रूप से स्वतंत्र हुए। उन्होंने यह भी बताया कि आज़ादी के इतने वर्षों के बावजूद हम पूर्ण रूप से विकसित भारत नहीं बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, और इसे साकार करने का संकल्प हर भारतीय नागरिक का होना चाहिए। कार्यक्रम के समापन से पूर्व उपाध्यक्ष विमल जालान ने बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के बौद्धिक और नैतिक विकास में सहायक होते हैं और भविष्य में भी आयोजित होने चाहिए। इस अवसर पर प्रियंका चौबे, यासमीन, सुल्ताना, निशा चौबे, प्रिया, सुमन जायसवाल, प्रतिमा चौबे, सुषमा पांडे, अश्वनी कुमार, योगेश कुमार, महेश त्रिपाठी, उमाकांत दुबे, प्रांशु शुक्ला, हरिओम पांडे सहित कई छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









