सोनभद्र। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय, विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, रॉबर्ट्सगंज द्वारा सोमवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर 5 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन टी.एस.आई. सोनभद्र भरत राय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 49 एवं बालिका वर्ग की 20 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग में विक्रम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आकाश सिंह द्वितीय एवं मनीष तृतीय स्थान पर रहे। वहीं चंदन, संगम पाल एवं सूरज यादव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। बालिका वर्ग में सुमन ने प्रथम, खुशबू ने द्वितीय तथा प्रीति ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त हेमलता, अमिश एवं सीमा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी सोनभद्र द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।अंत में क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनेक अधिकारी, चिकित्सक, प्रशिक्षक, खेल विभाग के कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









