सोनभद्र। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ब्रांच इकाई सिल्थम, विकासखंड चतरा में कार्यकर्ताओं ने संविधान बचाओ, देश बचाओ, मनरेगा बचाओ एवं स्मार्ट मीटर हटाओ के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड बसावन गुप्ता ने की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज एवं पार्टी झंडे के साथ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को मुखर किया। इसके बाद पार्टी की ब्रांच इकाई की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आजादी के वर्षों बाद भी देश की आम जनता संघर्षपूर्ण परिस्थितियों से गुजर रही है। किसान, मजदूर, नौजवान एवं छात्र महंगाई और बेरोजगारी से सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण संवैधानिक अधिकारों पर संकट मंडरा रहा है तथा मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को कमजोर किया जा रहा है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि देश की सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है और बिजली के निजीकरण से आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है। बिजली उत्पादन के लिए प्रसिद्ध सोनभद्र जिले में ही बिजली कटौती की समस्या गंभीर बनी हुई है। भाकपा नेताओं ने स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों का विरोध करते हुए मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की अनिवार्यता समाप्त की जाए, बढ़ी हुई दरें वापस ली जाएं तथा पूरे प्रदेश में समान दर प्रणाली लागू की जाए। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति, परीक्षाओं के दौरान कटौती न किए जाने, सोनभद्र में कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति एवं प्रति माह कम से कम 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बिजली वितरण को निजीकरण से मुक्त करने, किसानों को हर प्रकार की सुविधाएं देने तथा धान खरीद केंद्रों पर दलाली और भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा, नन्द लाल जायसवाल, श्रीनारायण उरांव, नारायण गोंड, शीला देवी उरांव, धनसिरिया देवी, गौतम जायसवाल, नन्दू प्रसाद, अमरावती, शारदा, संतोषी, सितारा देवी, मीरा, रतन गुप्ता, सदन चेरो, रामसनेही, अमरनाथ बिंद (बीडीसी), रामचरण विश्वकर्मा, बच्चऊ एवं लीलाधर विश्वकर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









