सोनभद्र। बूथ संख्या 14 पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 का यह पहला ‘मन की बात’ कार्यक्रम है और 26 जनवरी को देश गणतंत्र दिवस मनाएगा, जिस दिन भारतीय संविधान लागू हुआ था। उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होता है और 18 वर्ष की आयु में मतदाता बनना जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सुझाव दिया कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने तो समाज द्वारा उसका उत्सव की तरह स्वागत किया जाए, जिससे मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़े। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मियों की सराहना करते हुए युवाओं से अपील की कि वे समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत बने। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ की दस वर्ष की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने युवाओं के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि आज भारतीय स्टार्टअप्स एआई, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देशवासियों से गुणवत्ता (क्वालिटी) को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए ‘जीरो डिफेक्ट- जीरो इफेक्ट’ के मंत्र को दोहराया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों की पहचान सर्वोत्तम गुणवत्ता से होनी चाहिए।कार्यक्रम में आगामी फरवरी माह में होने वाले ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ का भी उल्लेख किया गया, जिसमें देश-विदेश के तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे और भारत की एआई क्षेत्र में प्रगति पर चर्चा होगी। इस अवसर पर सभासद विनोद सोनी, अश्वनी सेठ, संदेश, संतोष, कृपाशंकर, अजीत, डब्लू, राजू, शरद सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









