– आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप ससमय निस्तारण सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (जनसुनवाई समाधान) पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अधिक संख्या में असंतुष्ट फीडबैक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी, प्राचार्य स्वशासी राज्य चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज, तहसीलदार घोरावल एवं जिला आबकारी अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण नहीं किया गया है, जो गंभीर लापरवाही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा है कि जनता दर्शन, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनमानस की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर शिकायतकर्ता से संवाद करें, फीडबैक प्राप्त करें तथा की गई कार्यवाही के जीपीएस युक्त फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। साथ ही सभी अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल लॉगिन कर शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करें और समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अंतिम तिथि तक शिकायतों का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello








