सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी विकास खंड के सेवाकुंज आश्रम चक चपकी में हर माह की तरह इस बार भी 22 तारीख को सदगुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट द्वारा निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. व्यास चंद विश्वकर्मा और डॉ. लालजी सुमन की देखरेख में आयोजित इस शिविर में 500 से अधिक मरीजों की जांच की गई। जांच के बाद 300 जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे दिए गए। कुल 65 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया, जिनमें से 50 गंभीर मरीजों को ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजा गया है। चयनित मरीजों के आने-जाने और भोजन का खर्च अस्पताल प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा। 2-3 दिनों में उपचार के बाद उन्हें वापस घर पहुँचा दिया जाएगा। आयोजक डॉ. व्यास के अनुसार, यह आदिवासी बहुल और पिछड़ा क्षेत्र है जहाँ पास में कोई बड़ा अस्पताल नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण लोग इलाज नहीं करा पाते, इसी उद्देश्य से हर महीने यह शिविर आयोजित कर लोगों की आँखों में रोशनी लौटाने का प्रयास किया जा रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









