सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देश पर विनियमित क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों में अवैध प्लाटिंग एवं टैक्स चोरी के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शिकायत प्राप्त हुई थी कि कुछ प्लाटिंग कम्पनियों एवं प्लाटरों द्वारा किसानों की जमीन को एग्रीमेंट के माध्यम से दिखाकर पुनः किसान के नाम से बिक्री कराई जा रही है, जिससे स्टाम्प व टैक्स की चोरी की जा रही है। इसके साथ ही संबंधित प्लाटरों/कम्पनियों द्वारा बिना किसी सक्षम संस्था से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) एवं बिना नक्शा अथवा ले-आउट प्लान की स्वीकृति के ही अवैध प्लाटिंग कर भूखण्डों का विक्रय किया जा रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विनियमित क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज एवं तहसील प्रशासन के समन्वय से कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इस क्रम में अवैध प्लाटिंग वाले क्षेत्रों में मानकों को पूरा किए बिना प्लाटिंग करने वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान प्लाटरों एवं कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राजस्व विभाग एवं विनियमित क्षेत्र से ले-आउट प्लान की स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार की प्लाटिंग अथवा बिक्री न की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









