सोनभद्र। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली की प्रभावी समीक्षा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार दिनांक 22 जनवरी 2026 को थाना मांची का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था एवं लंबित विवेचनाओं की स्थिति का क्रमवार एवं गहन अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव तथा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना मांची स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान महिला एवं बालिकाओं से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति, जागरूकता कार्यक्रमों एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के समय थाना पर तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, फरियादियों से शालीन, संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण हेतु सतर्क एवं सक्रिय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल सुरक्षा मामलों में विशेष सतर्कता बरतने, साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखने, जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने एवं थानास्तर पर अनुशासनात्मक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस-जन विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









