October 24, 2026 5:31 pm

अंबेडकर पार्क की भूमि बचाने को लेकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

सोनभद्र। तिरनाही (पकरी) स्थित अंबेडकर पार्क की भूमि को सुरक्षित करने और सदर तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। भाकपा, माकपा, भाकपा (माले), आज़ाद समाज पार्टी, भीम आर्मी, राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा एवं गोंगपा के संयुक्त नेतृत्व में ग्राम तिरनाही से जुलूस निकालते हुए प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम तिरनाही, परगना बड़हर, तहसील राबर्ट्सगंज स्थित आराजी संख्या 40 (रकबा 0.1260 हेक्टेयर), जो खाता-खतौनी में अंबेडकर पार्क के नाम से दर्ज है, उस भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि समीप स्थित आराजी संख्या 90 पर की गई प्लाटिंग तक सीधी पहुंच बनाने के लिए कुछ प्लाटरों द्वारा अंबेडकर पार्क की भूमि से होकर सड़क निकाली जा रही है, जबकि प्लाट तक जाने के लिए पूर्व से वैकल्पिक मार्ग मौजूद है। प्रदर्शनकारियों ने सदर तहसीलदार पर प्लाटरों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। बताया गया कि इस संबंध में 14 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अतिक्रमण करने वालों के हौसले बढ़ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि

  1. अंबेडकर पार्क की भूमि का घेराव कर सौंदर्यीकरण व संरक्षण कराया जाए।
  2. सदर तहसीलदार व संबंधित प्लाटरों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
  3. जनपद में स्थित सभी अंबेडकर पार्कों, महापुरुषों की भूमि व प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सभी दल मिलकर बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कार्यक्रम में भाकपा जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा, माकपा जिला सचिव कामरेड नंदलाल आर्य, माले नेता कामरेड नोहर भारती, आज़ाद समाज पार्टी के रवि शंकर (एडवोकेट), राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा के लक्ष्मी नारायण बौद्ध, गोंगपा के जय मंगल उरेती सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता कामरेड प्रेमनाथ ने की तथा संचालन आज़ाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने किया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!