सोनभद्र। जनपद के दुद्धी तहसील क्षेत्र अंतर्गत बभनी ब्लॉक के कई गांवों में पत्थर खदानों की लीज की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में बरवाटोला गांव स्थित पहाड़ी की पूर्व में स्वीकृत खदान लीज में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार बरवाटोला गांव की पहाड़ी पर स्वीकृत लीज में नियमों को ताक पर रखकर समांतर खनन के बजाय गहराई में खनन कराया जा रहा है। खनन स्थल पर न तो मजदूरों की सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम हैं और न ही जिम्मेदार अधिकारियों की प्रभावी निगरानी दिखाई दे रही है। मौके पर कार्यरत मजदूर बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों के खनन कार्य करते देखे जा रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बताया गया कि यह खनन लीज अराजी संख्या 1028 झ सहित अन्य पर कुल लगभग 4.465 हेक्टेयर क्षेत्रफल में जुलाई 2023 से जुलाई 2033 तक के लिए स्वीकृत की गई है। वर्तमान में यहां से टीपर, हाईवा एवं ट्रैक्टरों के माध्यम से पत्थरों का परिवहन बभनी क्षेत्र सहित डाला व अन्य स्थानों पर किए जाने की चर्चा है, जो कथित रूप से बिना वैध परमिट के हो रहा है। सूत्रों के अनुसार अवैध परिवहन के माध्यम से रॉयल्टी की चोरी कर राजस्व को भारी क्षति पहुंचाई जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव ने सेलफोन पर बताया कि बरवाटोला स्थित खदान की जांच खनन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से कराई जाएगी। यदि जांच में नियमों के विरुद्ध खनन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









