February 13, 2026 6:16 pm

नीरज होम्योहाल की सील तोड़े जाने को लेकर विरोधाभास, ग्रामीणों के जीपीएस फोटो-वीडियो बनाम जांच अधिकारी का बयान

सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी थाना क्षेत्र के बभनी मोड़ स्थित नीरज होम्योहाल में अवैध रूप से एलोपैथिक दवाओं की बिक्री व इलाज किए जाने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई कार्रवाई अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल पर लगी सील दो दिन पूर्व ही तोड़ दी गई थी, जबकि जांच अधिकारी का कहना है कि सील आज उनके सामने तोड़ी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग के सह नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद ने नीरज होम्योहाल को सील किया था। आरोप था कि होम्योपैथिक अस्पताल की आड़ में बड़े पैमाने पर एलोपैथिक इलाज किया जा रहा था। हालांकि सील किए जाने के चार दिन के भीतर ही कथित अवैध संचालक द्वारा सील तोड़कर अस्पताल पुनः संचालित कर दिया गया। ग्रामीणों के विरोध और समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार को अस्पताल को दोबारा बंद कराया गया।

दो दिन पहले टूटी थी सील, ग्रामीणों ने बनाए जीपीएस फोटो-वीडियो

ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पूर्व ही अस्पताल की सील तोड़ दी गई थी, जिसका जीपीएस लोकेशन सहित फोटो और वीडियो उनके पास मौजूद है। बावजूद इसके, होम्योपैथिक विभाग के जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रकाश त्रिपाठी ने कैमरे के सामने बयान देते हुए कहा कि मेरे सामने ही सील तोड़ी गई है। अस्पताल में न तो कोई एलोपैथिक दवा मिली और न ही कोई ऑपरेशन उपकरण। इस बयान ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सील पहले ही टूटी थी, तो जांच अधिकारी का यह दावा तथ्यों के विपरीत है। हालांकि डॉ. त्रिपाठी ने यह भी कहा कि यदि दो दिन पहले की सील तोड़े जाने के जीपीएस फोटो-वीडियो प्रमाणित पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उठ रहे सवाल

इस पूरे मामले में अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि यदि सील पहले ही टूट चुकी थी तो उस पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई? जांच के दौरान एलोपैथिक गतिविधियों के स्पष्ट प्रमाणों की अनदेखी क्यों की गई? स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास क्यों है? ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!