सोनभद्र। पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुना।जनता दर्शन में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, धोखाधड़ी सहित अन्य पुलिस से संबंधित समस्याओं को लेकर फरियादी उपस्थित हुए। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने प्रत्येक शिकायत को व्यक्तिगत रूप से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं कानून के दायरे में किया जाए तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। साथ ही जिन मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, उनमें तत्काल प्रभाव से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना, पुलिस-जन संवाद को मजबूत करना एवं जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









