सोनभद्र। बीजपुर(विनोद गुप्त) जनपद सोनभद्र के शिक्षामित्रों ने समर कैंप का मानदेय पिछले 8 महीने से न मिलने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।जरहा न्याय पंचायत में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ की एक आवश्यक बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह पटेल ने बताया कि शिक्षामित्रों को समर कैंप में कार्य किए हुए लगभग 8 महीने बीत चुके हैं। प्रदेश के अन्य जनपदों में इसका मानदेय शिक्षामित्रों को प्राप्त हो चुका है लेकिन सोनभद्र में अभी तक भुगतान लंबित है।विभागीय उदासीनता के कारण शिक्षामित्रों को आर्थिक मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रशासन और विभाग को एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। यदि एक हफ्ते के अंदर समर कैंप का रुका हुआ मानदेय शिक्षामित्रों के खातों में नहीं आया, तो जिले के समस्त शिक्षामित्र एकजुट होकर बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करेंगे।जरहा न्याय पंचायत में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष हीरामणि, देवेंद्र दुबे, ज्वाला प्रसाद, कर्मवीर सिंह, संजय प्रसाद, सुजीत दुबे, वाजिब शेख, सीमा राय,पुष्पा देवी और सुडेश्वरी देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।









