February 12, 2026 2:43 am

शिवद्वार मंदिर मेले में भीषण अग्निकांड, 25 दुकानें जलकर खाक, 20 लाख का नुकसान

सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सतद्वारीं गांव स्थित शिवद्वार मंदिर से सटे मेले में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते एक दुकान से कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में करीब 25 दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, शिवद्वार मंदिर के पीछे राजा साहब के बगीचे में पूजा सामग्री, बिसातबाना, खिलौने आदि की लगभग 50 दुकानें लगी थीं। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे अचानक एक दुकान में आग लग गई, जो तेजी से फैलती चली गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना के बाद मंदिर के पुजारी, ग्राम प्रधान सियाराम यादव, आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने मंदिर में लगे वाटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक करीब डेढ़ घंटे बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में लल्लू बाबा, गोलू पटेल, मुल्लाजी, राकेश, शेखर, संत कुमारी, रामधनी गुप्ता, शिवधनी, अशोक गिरी, छोटे गुप्ता, संजय गुप्ता, हुबलाल सहित करीब दो दर्जन दुकानदारों की दुकानें जल गईं। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव के निर्देश पर शिवद्वार चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। वहीं शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र सिंह यादव ने बताया कि आग से करीब 25 दुकानों को नुकसान पहुंचा है, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!