February 13, 2026 7:08 pm

खाद्य सुरक्षा नियमों की उड़ रही धज्जियां, सेहत से खिलवाड़ जारी, जिम्मेदारों की चुप्पी सवालों में

– बिना FSSAI लाइसेंस चल रही गुड़ पट्टी व मिठाई इकाइयां, सेहत से खिलवाड़

सोनभद्र। जनपद के विभिन्न स्थानों पर संचालित गुड़ पट्टी, मिठाई और चिक्की जैसी खाद्य सामग्री बनाने वाली कई इकाइयां खुलेआम नियमों की अनदेखी कर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इन दुकानों और उत्पादन इकाइयों के पास न तो FSSAI का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस है और न ही स्वास्थ्य, स्वच्छता व गुणवत्ता से जुड़े मानकों का पालन किया जा रहा है, इसके बावजूद उत्पादन और बिक्री धड़ल्ले से जारी है।खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत किसी भी खाद्य उत्पाद के उत्पादन, पैकिंग, लेबलिंग और बिक्री के लिए FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इसके बावजूद जनपद में कई फैक्ट्री व दुकानदार बिना किसी वैध अनुमति के गुड़ पट्टी और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे हैं। न उत्पादन स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था है, न कच्चे माल की गुणवत्ता की कोई जांच और न ही तैयार उत्पादों पर लेबलिंग, निर्माण तिथि या एक्सपायरी जैसी आवश्यक जानकारियां अंकित की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई इकाइयों में खुले में गुड़ पकाया जाता है, जहां धूल-मिट्टी, मक्खी-मच्छर और गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होती है। ऐसे अस्वच्छ परिस्थितियों में बने उत्पाद सीधे आम लोगों की थाली तक पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग, स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना लाइसेंस संचालित ऐसी इकाइयों पर कड़ी कार्रवाई, उत्पादन बंद कराना और भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए। साथ ही नियमित निरीक्षण कर खाद्य मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पूरे जनपद में न तो FSSAI रजिस्ट्रेशन की जांच हो रही है और न ही गुणवत्ता व स्वच्छता मानकों का पालन कराया जा रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन जागेगा? क्या जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी, या फिर जिम्मेदारों की चुप्पी यूं ही आम लोगों की सेहत पर भारी पड़ती रहेगी? जनहित में मांग उठ रही है कि तत्काल विशेष जांच अभियान चलाकर बिना FSSAI लाइसेंस संचालित सभी गुड़ पट्टी व खाद्य दुकानों को सील किया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!