सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बीती रात एक अवैध अस्पताल में सील की कार्रवाई के दौरान समाचार संकलन करने पहुंचे हिंदुस्तान के पत्रकार चंद्रसेन पांडेय के साथ अस्पताल संचालक द्वारा की गई अभद्रता की भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने कड़ी निंदा की है। इस संबंध में एसोसिएशन की एक बैठक स्थानीय शिव मंदिर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने कहा कि पत्रकार के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है और बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना उसका अधिकार है। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में विभागीय संरक्षण में कुकुरमुत्ते की तरह संचालित अवैध निजी अस्पतालों द्वारा बड़े पैमाने पर गरीब एवं आदिवासी वर्ग का शोषण किया जा रहा है। ऐसी सामाजिक कुरीतियों को उजागर करने वाले पत्रकार के साथ जिस प्रकार का व्यवहार अवैध अस्पताल संचालक द्वारा किया गया, वह अत्यंत निंदनीय है। पत्रकारों ने कहा कि यह घटना न केवल मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि संवैधानिक मूल्यों का भी उल्लंघन है। बैठक में अवैध निजी अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित अवैध अस्पताल संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बैठक में मुख्य रूप से संतोष दुबे, अजीत पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, पंकज साहू, सुजीत पांडेय, नरेश गुप्ता, श्याम जी पांडेय, राजू चंद्रवंशी, अफजल अहमद, चंद्रसेन पांडेय सहित क्षेत्र के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello








