January 14, 2026 10:00 pm

डेढ़ वर्षीय मासूम का अपहरण रोकने में पड़ोस की महिला ने दिखाई बहादुरी

सोनभद्र (दुद्धी) स्थानीय कस्बा रामनगर वार्ड नंबर सात में शनिवार की रात करीब 8:30 बजे डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण की कोशिश ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर खेल रहे मासूम को उठाकर भाग रहा था, तभी पड़ोस की महिला ने साहस दिखाते हुए उसे रोक लिया।रामनगर निवासी रजनीकांत जायसवाल का डेढ़ वर्षीय पुत्र आनव जायसवाल देर शाम घर के बाहर खेल रहा था, जबकि उसकी मां घर के अंदर खाना बना रही थी। इसी बीच रात करीब साढ़े आठ बजे घर के पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को उठाया और भागने लगा। वहीं पड़ोस में रहने वाली बच्चे की चाची बाथरूम के लिए पीछे गई। बच्चे की आवाज सुनकर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उसे लेकर भाग रहा है। महिला ने तुरंत साहस दिखाते हुए आरोपी को रोकने की कोशिश की और बच्चे को पकड़ लिया। बौखलाए आरोपी ने महिला पर हाथ-पैर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बावजूद महिला ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चे को छोड़ने से इंकार किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख आरोपी बच्चे को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश में जुट गई। सीओ दुद्धी राजेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद रामनगर वार्ड सहित आसपास के इलाकों में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!