January 14, 2026 11:24 pm

50 वर्षों से संपर्क मार्ग विहीन 15-20 परिवार, बरसात में घरों में कैद होने को मजबूर

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सलखन के कटनवारे टोला में आज़ादी के बाद से अब तक संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं हो सका है। करीब 50 वर्षों से यहां बसे लगभग 15 से 20 परिवार आज भी पगडंडी के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं। सूखे मौसम में किसी तरह लोगों का आवागमन हो जाता है, लेकिन बरसात के दिनों में स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती है। सलखन-बेलक्ष संपर्क मार्ग से लगभग 300 मीटर दूर स्थित कटनवारे टोला बारिश में पूरी तरह कट जाता है। कीचड़ और फिसलन के कारण महिलाएं और बच्चे घरों में ही कैद हो जाते हैं, जबकि अत्यंत आवश्यकता पड़ने पर केवल पुरुष ही जोखिम उठाकर संपर्क मार्ग तक पहुंच पाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में बच्चे विद्यालय नहीं जा पाते, महिलाएं बाहर निकलने में असमर्थ रहती हैं और बीमार व्यक्ति को खटिया या चारपाई पर लिटाकर 300 मीटर दूर संपर्क मार्ग तक ले जाना पड़ता है। शादी-विवाह या किसी सामाजिक कार्यक्रम में भी मेहमान आने से कतराते हैं। समाजसेवियों ने बताया कि ग्रामीण मेड़ों के सहारे आवागमन करते हैं, लेकिन बरसात में यही रास्ते भी समाप्त हो जाते हैं, जिससे पूरे टोले का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। अरुण कुमार सहित ग्रामीण त्रिवेणी, अर्जुन, कन्हैयालाल, लाल बहादुर, उषा, मीणा, नेहरू लाल, शैलेंद्र, भगवान दास एवं अन्य लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करे और कटनवारे टोला तक पहुंचने के लिए शीघ्र पक्के संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा मिल सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!