सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोलियम एवं गैस एजेंसियों के विक्रय प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ नियम का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए।जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक माह का सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि पेट्रोल पंपों पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े न होने दिए जाएं। यदि किसी पेट्रोल पंप पर अनधिकृत तरीके से वाहन खड़े पाए जाते हैं, तो संबंधित पेट्रोल पंप स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर अनधिकृत क्रॉस कटिंग पाए जाने पर भी संबंधित पंप स्वामी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान पेट्रोल पंपों एवं उसके आसपास सड़क सुरक्षा संबंधी साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, जिससे आमजन को नियमों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़कों एवं ढाबों आदि पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अनाधिकृत पार्किंग के कारण विशेषकर कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव कुमार गुप्ता, एआरओ पृथ्वीराज सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विक्रय प्रबंधक उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









